इंद्रावती में उफान से तटवर्ती गांव जलमग्न, कई परिवारों के घरों में घुसा पानी, सांसद महेश कश्यप ने किया क्षेत्र का दौरा… देखें वीडियो –


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिला में लगातार बारिश और इंद्रावती नदी में बढ़े जलस्तर के चलते उलनार, टलनार, बेलगांव सहित आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अरनो तूफान के प्रभाव के कारण क्षेत्र में भारी बारिश हुई। इसी बीच खातीगुड़ा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद आसपास के गांवों में जलस्तर तेजी से बढ़ा और देर रात करीब 12 बजे के बाद बाढ़ का पानी गांवों में पहुंचना शुरू हो गया।

बाढ़ का पानी बढ़ने से इंद्रावती नदी से लगे करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई घरों में पानी घुस गया, जिसके कारण लोगों को घर का सामान बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर रखने की मजबूरी बनी। कुछ परिवारों के घरों में पानी भर जाने से उनके सामने सुरक्षित स्थान पर जाने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ के कारण मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
इसी बीच बस्तर सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों का हालचाल जाना और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी में जलस्तर बढ़ने और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण इस क्षेत्र में हमेशा बाढ़ का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा बताए गए सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।

मालगांव के डोंगरगुड़ा पारा, कुरुसपाल, बेलगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का असर बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार फिलहाल जलस्तर में अपेक्षित कमी नहीं आई है और कई स्थानों पर स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश के बीच तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों की चिंता बढ़ गई है तथा प्रभावित परिवारों को राहत एवं सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
सबसे ज़्यादा यह बाढ़ ग्राम पंचायत गुमडेल के ग्राम कुरूष के ग्रामीणों को प्रभावित किया है, जिससे बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने पंचायत एवं स्कूल में डेरा लगाए हुए बैठे हुए हैं ।
देखें वीडियो –




