छत्तीसगढ़

चपका आश्रम की गौशाला में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया अन्नकूट पर्व, गौवंशों को खिलाई गई खिचड़ी

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर संभाग के पवित्र स्थल बाबा बिहारी दास द्वारा स्थापित ट्रस्ट के चपका आश्रम में स्थित शंकर दास बाबा की गौशाला में अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गौशाला में रहने वाले गौवंशों की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें भरपेट खिचड़ी खिलाई गई। दीपावली के इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीणों, भक्तों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व पर पूजा-अर्चना के बाद गौवंशों को खिचड़ी का भोग लगाया गया। पूरे आयोजन में गौसेवा और धार्मिक आस्था का विशेष महत्व देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौमाता की सेवा को पुण्य कार्य बताते हुए इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संचालक शंकर दास बाबा ने बताया कि आश्रम की गौशाला में लगभग 200 से अधिक गौवंशों की देखभाल की जा रही है। उनकी नियमित सेवा और चारे-पानी की व्यवस्था की जाती है। गौवंशों के गोबर का उपयोग खेती-किसानी में किया जाता है, वहीं दूध के विक्रय से कई लोगों की आजीविका भी जुड़ी हुई है। इस तरह गौशाला के माध्यम से गौवंशों का संरक्षण करने के साथ लोगों को रोजगार का अवसर भी मिल रहा है।

कार्यक्रम में प्रभात क्रांति समाचार के प्रधान संपादक तरुण पाढ़ी, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शेखर साहू, पत्रकार एवं गिरौला ग्राम के बैजनाथ विसाई सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालु और आश्रम के भक्त उपस्थित रहे। सभी ने गौशाला के संचालन एवं गौसेवा के लिए शंकर दास बाबा के प्रयासों की सराहना की। धार्मिक वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन ने गौसेवा, संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button