हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहीद सोढ़ी नारायण के परिजनों से मिले कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, तिरंगा भेंट कर अभियान का किया शुभारंभ….


बीजापुर(प्रभात क्रांति) । दिनांक 7/8/26 को भारत की आजादी के अमृत काल को जन-जन तक पहुंचाने एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आज जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जिले के वीर शहीद स्वर्गीय सोढ़ी नारायण के परिजनों से आत्मीय भेंट कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस अवसर पर कलेक्टर बीजापुर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक बीजापुर उमेश प्रसाद गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बीजापुर श्रीमति नम्रता चौबे शहीद सोढ़ी नारायण के निवास पहुंचकर उनके परिजनों का सम्मान किया तथा उन्हें राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) भेंट कर हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया ।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति सम्मान तथा वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का एक जन आंदोलन है। शहीद परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है और उनके बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में जिले के विभिन्न ग्रामों, शहरी क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस दौरान जन प्रतिनिधि नगरपालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, पार्षद मुन्ना ताती, एसडीएम जागेश्वर कौशल, तहसीलदार पंचराम सलामे मौजुद रहे ।




