छत्तीसगढ़

धान खरीदी केन्द्र अलनार में अव्यवस्था! खुले में रखा हजारों क्विंटल धान, शासन को करोड़ों के नुकसान का खतरा…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अलनार स्थित लेम्पस के धान खरीदी केन्द्र की स्थिति इन दिनों गंभीर लापरवाही की ओर इशारा कर रही है । सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तो की जा रही है, लेकिन खरीदी के बाद उसके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था न होने से पूरा धान खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है । केन्द्र परिसर में हजारों क्विंटल धान बिना उचित संरक्षण के जमीन पर ही बेतरतीब तरीके से रख दिया गया है, जिससे खराब होने की आशंका बढ़ गई है । 

नियमों के अनुसार धान को बारदाने के साथ भूसे या तिरपाल के सहारे सुरक्षित तरीके से संग्रहित किया जाना चाहिए, ताकि नमी और पानी से बचाव हो सके । किन्तु अलनार केन्द्र में धान सीधे जमीन पर डम्प कर दिया गया है और सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आती । मौसम में अचानक बारिश होने की स्थिति में पूरा धान सड़-गल सकता है, जिससे शासन को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है । आसपास के अन्य खरीदी केन्द्रों में जहां धान व्यवस्थित तरीके से रखा गया है, वहीं यहां की अव्यवस्था सवाल खड़े कर रही है ।

इस संबंध में लेम्पस प्रबंधक महेश्वर सेठिया से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि भंडारण की जिम्मेदारी खरीदी प्रभारी सुकलाल सेठिया द्वारा ली गई है और किसी भी नुकसान की स्थिति में शासकीय मद से समायोजन संभव बताया गया । स्थल पर हजारों क्विंटल धान बिना भूसा या सुरक्षा व्यवस्था के खुले में डम्प पाया गया, जिससे कभी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है । चर्चा के दौरान शाखा प्रबंधक व खरीदी प्रभारी द्वारा यह भी कहा गया कि नुकसान होने पर शासन को क्षति होगी, जिससे लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आ रही है ।

यदि समय रहते धान का उठाव एवं सुरक्षित भंडारण नहीं किया गया, तो शासन को करोड़ों रुपये का नुकसान होने से इंकार नहीं किया जा सकता । स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और उच्च अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसानों की मेहनत और सरकारी धन दोनों सुरक्षित रह सकें ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button