छत्तीसगढ़

बीजापुर विधायक विक्रम मण्डावी ने नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामीणों से की सीधी बातचीत, विकास की मूलभूत सुविधाओं पर जोर, विधायक ने ग्रामीणों से कहा ‘आपकी हर समस्या मेरी समस्या है, मैं आपकी मांगों को विधानसभा में भी उठाऊंगा’…

बीजापुर(प्रभात क्रांति) । बीजापुर जिले के विधायक विक्रम मण्डावी ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भोपालपट्टनम एवं भैरमगढ़ ब्लॉक के इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र में स्थित विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीलूर, छोटे काकलेड, बड़े काकलेड, एडापल्ली, सांड्रा तथा सागमेटा ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

विधायक विक्रम मंडावी के आगमन पर इन दूरस्थ इलाकों के ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की और लंबे समय से लंबित अपनी समस्याओं को उनके सामने रखा। नेशनल पार्क क्षेत्र होने के कारण यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी के समक्ष मुख्य रूप से नेशनल पार्क क्षेत्र में पीढ़ियों से निवासरत लोगों का विस्थापन नहीं करने, पक्की सड़कों का निर्माण और सुधार, बिजली की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति, पेयजल की व्यवस्था तथा पानी के टैंकरों की नियमित आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क की मजबूत कनेक्टिविटी, धान खरीदी केंद्र की स्थापना या निकटतम केंद्रों तक आसान पहुंच, वन अधिकार पट्टा (FRA पट्टों) का वितरण और मान्यता, तेंदू पत्ता तोड़ाई में बेहतर सुविधाएं एवं उचित मूल्य, स्कूल एवं आश्रम की बेहतर व्यवस्था एवं सुधार और अस्पतालो की मांग की है।

इन सभी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी से विस्तार से अपनी पीड़ा व्यक्त की। क्षेत्र के आदिवासी बहुल इलाके में ये समस्याएं विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई हैं, जहां पहुंचना ही चुनौतीपूर्ण है। विधायक विक्रम मण्डावी ने ग्रामीणों की बातें ध्यान से सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि वे शासन-प्रशासन के उच्च स्तर पर इन सभी मांगों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा, “आपकी हर समस्या मेरी समस्या है। मैं इन मुद्दों को विधानसभा में भी उठाऊंगा और संबंधित विभागों से बातचीत कर जल्द से जल्द इनका समाधान करवाने का पूरा प्रयास करूंगा।” विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे एकजुट रहें और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखें ।

इस दौरे के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसन्त ताटी, सोमारू कश्यप, मिच्चा मुतैया, अशोक मडे, सुरेंद्र चापा, मिच्चा समैया, शैलेश मण्डावी, पुरषोतम खत्री, अरुण वासम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण और कांग्रेसजन शामिल थे।

विधायक का यह दौरा नेशनल पार्क जैसे संवेदनशील क्षेत्र में विकास कार्यों की आवश्यकता और स्थानीय लोगों में एक नई उम्मीद जगा रहा हैं कि विधायक के प्रयासों से इन गांवों में जल्द ही बुनियादी सुविधाएं पहुंचेंगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button