छत्तीसगढ़

आमागुड़ा में हरियाली की नई पहल, 2700 पौधों से संवरेगा जगदलपुर का प्रवेश मार्ग…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति)। शहर के प्रवेश क्षेत्र आमागुड़ा को आकर्षक और हराभरा बनाने की दिशा में पौधारोपण अभियान चलाया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘हरित राष्ट्रीय राजमार्ग’ अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर एवं सड़क किनारे करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में 2700 से अधिक पौधे लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य जगदलपुर के प्रवेश मार्ग को हरित स्वरूप देने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

पौधारोपण कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख पर जोर देते हुए कहा कि शहर के प्रवेश मार्ग पर विकसित होने वाली हरियाली जगदलपुर की खूबसूरती को और निखारेगी।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर में पर्यटन की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं और बड़ी संख्या में पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता देखने पहुंच रहे हैं। ऐसे में जगदलपुर के प्रवेश द्वार पर विकसित होने वाला यह हरित क्षेत्र शहर की पहचान को और बेहतर बनाएगा। उन्होंने युवाओं के रोजगार, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए हाल में लिए गए निर्णयों का भी उल्लेख किया।

वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि वन विभाग और जगदलपुर नगर निगम की संयुक्त पहल से ‘ग्रीन बस्तर’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों और पर्यटकों को बस्तर की हरियाली का अनुभव मिलेगा। साथ ही पौधारोपण से क्षेत्र के पर्यावरण को स्वच्छ एवं बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button