छत्तीसगढ़

बस्तर में सुरक्षाबलों का दबदबा मजबूत, 2025 में माओवाद पर बड़ी चोट, 100 मुठभेड़ों में 256 माओवादी मारे गए, 1573 ने थामी मुख्यधारा की राह

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)।बस्तर अंचल के लिए वर्ष 2025 सुरक्षा के लिहाज से एक निर्णायक मोड़ साबित हुआ है। माओवादी हिंसा से लंबे समय से जूझ रहे इस क्षेत्र में सुरक्षाबलों की सख्त रणनीति, निरंतर ऑपरेशन और पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से माओवादी नेटवर्क को गहरा झटका लगा है। पूरे वर्ष के दौरान बस्तर में 100 से अधिक मुठभेड़ें हुईं, जिनमें 256 माओवादी मारे गए।

सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस दौरान 898 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं 1573 माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करते हुए पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में लौटे। इसे बस्तर में शांति बहाली की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।

हथियार और आईईडी बरामदगी से टलीं बड़ी घटनाएं

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षाबलों ने माओवादियों से 677 हथियार बरामद किए, साथ ही 894 आईईडी को समय रहते खोजकर निष्क्रिय किया गया। इन कार्रवाइयों से कई संभावित बड़ी वारदातों को टालने में सफलता मिली।

हालांकि इस संघर्ष में नुकसान भी हुआ। वर्ष 2025 में 23 वीर जवान शहीद हुए, वहीं माओवादी हिंसा की चपेट में आकर 46 निर्दोष नागरिकों ने भी अपनी जान गंवाई। इसके बावजूद सुरक्षाबलों ने पीछे हटने के बजाय अभियान को और मजबूत किया।

ऑपरेशन और पुनर्वास दोनों पर समान जोर

आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि बस्तर में सुरक्षाबलों की रणनीति केवल मुठभेड़ों तक सीमित नहीं रही, बल्कि माओवादियों को हिंसा छोड़ने के लिए प्रेरित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने भरोसा जताया कि 2026 में बस्तर और अधिक सुरक्षित होगा, और माओवादी संगठन की कमर और कमजोर की जाएगी।

शांति की ओर बढ़ता बस्तर

वर्ष 2025 के आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि बस्तर में माओवादी प्रभाव सिमट रहा है। एक ओर मुठभेड़ों में संगठन को भारी नुकसान हुआ, तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में माओवादियों का आत्मसमर्पण यह दर्शाता है कि हिंसा के बजाय विकास और शांति की राह को लोग स्वीकार कर रहे हैं।

सुरक्षाबलों की इस लगातार कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में बस्तर न सिर्फ सुरक्षित होगा, बल्कि विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button