’’पीठापुर में आस्था और परंपरा का भव्य संगम, पुसपुनी महोत्सव धूमधाम से संपन्न, बस्तर सांसद महेश कश्यप हुए शामिल कहां – पुरातन सामाजिक परंपराओं का संरक्षण हिन्दू धर्म का परम कर्तव्य’’….देखें वीडियों –


जगदलपुर(प्रभात क्रांति) । बस्तर जिले के ग्राम पीठापुर में 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित पुसपुनी महोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और परंपरा के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया गया । ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़े इस आयोजन में जगन्नाथ मंदिर के पुजारी, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया । 
मान्यता है कि लगभग 600 वर्ष पूर्व भगवान श्री जगन्नाथ की प्रतिमा को पुरी से बस्तर लाते समय, उड़ीसा पार कर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश के बाद पीठापुर में इसी जगह में बस्तर नरेश पुरुषोत्तम देव अपने लौह.लश्कर सहित साथ इस स्थान पर प्रथम बार ठहरे थे । यह ऐतिहासिक पड़ाव आज भी बस्तर की धार्मिक आस्था, संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक माना जाता है । इसी स्मृति को संजोते हुए पुसपुनी महोत्सव का पुस माह के पूर्णिमा में हर वर्ष 03 जनवरी को भव्य रूप से किया जाता है ।
इस वर्ष भी 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज क्षेत्र क्रमांक.01 के अंतर्गत ग्राम करीतगांव, गुमड़ेल, परऊगुड़ा, मालगांव एवं पीठापुर के परिवारों द्वारा महोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया । कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम देखने को मिला ।
महोत्सव में बस्तर सांसद महेश कश्यप विशेष रूप से शामिल हुए । उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ के प्रथम पड़ाव स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना की और समाज के लगभग 600 वर्ष पुराने गौरवशाली इतिहास को दोहराया । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुरातन सामाजिक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं संवर्धन करना हिन्दू धर्म का परम कर्तव्य है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है । इस दौरान महेश कश्यप ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए सीसी सड़क बनाने का घोषणा किया ।
कार्यक्रम में 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे, पूर्व विधायक सुभाऊ राम कश्यप, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी परेश बेसरा, समाज के पाढ़ी उमाशंकर पाढ़ी, अरखित पाण्डे, रमेश पाढ़ी, सरगीपाल मण्डल उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम जोशी, महिला सदस्य श्रीमती महेश्वरी पाण्डे, तितिरगांव से बिम्बाधर पाण्डे सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे ।
महोत्सव के दौरान सुंदरकाण्ड पाठ, अखण्ड रामायण पाठ एवं सत्यनारायण कथा का विधिवत आयोजन किया गया साथ ही समाज के जनप्रिय चिकित्सक डॉ. नरेश पाण्डे द्वारा श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों की जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया ।
पुसपुनी महोत्सव के अवसर पर 360 घर आरण्यक ब्राम्हण समाज एवं शहरदी क्षेत्र उड़िसा के भैसा बेड़ा से आये ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और सभी परिवारों के साथ शामिल हुए जिससे उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा, और परंपरा, आस्था एवं सामाजिक समरसता का यह पर्व पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ ।

देखें वीडियों –




