Uncategorized

खेलो इंडिया में जूडो खिलाड़ी रंजीता कोंडागाँव ने छत्तीसगढ़ को दिलाया पहला स्वर्ण पदक…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति), 7वीं खेलो इण्डिया यूथ गेम्स 06 से15 मई 2025 पटना (बिहार) में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के तत्वाधान में प्रदेश के कोंडागांव जिले की कुमारी रंजीता कुरेटी ने 52 kg वजन वर्ग में हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली के खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में मध्यप्रदेश की खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर छत्तीसगढ़ को पहली स्वर्णिम सफलता दिलाई। छत्तीसगढ़ के सुदूर बस्तर क्षेत्र के कोंडागांव जिले की खिलाड़ी रंजीता कुरेटी ने जनवरी 2025 में पुणे नेशनल में बेस्ट प्लेयर का खिताब जीतकर भारतीय खेल प्राधिकरण के माध्यम से (जॉर्जिया) विदेश में जूडो प्रशिक्षण हेतू चयनित हो चुकी है।

उपरोक्त जानकारी जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी एवं संयुक्त सचिव अनीस मेमन ने देते हुए बताया कि राज्य निर्माण पश्चात खेलों इण्डिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ को पहली बार स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। रंजीता का यह प्रदर्शन निश्चित रूप से सराहनीय है। इससे प्रदेश के जूडो खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। छ.ग. के जूडो खिलाड़ी महिला कोच मकसूदा हुसैन और आईटीबीपी में आरक्षक, जूडो कोच उदय यादव के मार्गदर्शन में खेलों इंडिया में भाग ले रहे हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस के पदस्थ प्रधान आरक्षक तथा जूडो के अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक शेख शरीफ़ जूडो प्रतियोगिता में निर्णायक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

जूडो खिलाड़ी रंजीता कुरेटी की इस उपलब्धि पर छग प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शम्भू सोनी, संयुक्त सचिव अनीस मेमन, परमजीत सिंह, ऑल बस्तर जिला जूडो संघ के अध्यक्ष किरण सिंह देव सचिव अब्दुल मोइम, जिला जूडो संघ दंतेवाड़ा के सचिव सरजीत सिंह बख्शी, बिलासपुर जिला जूडो संघ के सचिव राजकुमार जायसवाल, समस्त जूडो खिलाड़ी सहित समस्त जिला संघो के पदाधिकारियों ने बधाई दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button