छत्तीसगढ़

226वीं वाहिनी सुकमा मुख्यालय में श्री रामनवमी पर्व पर भव्य पूजा-अर्चना एवं सामाजिक समर्पण का आयोजन…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति), श्री रामनवमी के पावन अवसर पर 06 अप्रैल 2025 को 226वीं वाहिनी केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल, गीदमनाला सुकमा मुख्यालय में एक भव्य धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व कमांडेंट श्री धन सिंह बिष्ट द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में मुख्यालय स्थित मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा एवं हवन संपन्न हुआ।

इस पावन अवसर पर समस्त अधिकारियों, जवानों एवं कर्मचारियों ने मिलकर देश और समाज की सुख-समृद्धि, शांति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंदिर परिसर में गूंजते वैदिक मंत्रों और राम नाम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में बच्चों को आमंत्रित किया गया था। बच्चों ने न केवल इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता की, बल्कि उन्हें प्रसाद वितरित कर ससम्मान स्वादिष्ट भोजन भी कराया गया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और संतोष इस आयोजन की सफलता का प्रतीक बना।

कमांडेंट श्री धन सिंह बिष्ट सहित कैंप में उपस्थित सभी राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें समाज का भविष्य बताया। इस अवसर ने धार्मिक आस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

इस प्रकार, श्री रामनवमी पर्व पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक धार्मिक आयोजन न रहकर एक सामाजिक समर्पण का सशक्त उदाहरण बन गया, जिसने सभी उपस्थित जनों को सेवा, संस्कार और सद्भाव का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button