नसीम कुरैशी को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान, खेल आयोजन में अहम भूमिका के लिए किया गया सम्मान….


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर के लिए गौरव की बात है कि जगदलपुर के नसीम कुरैशी को खेल गतिविधियों में सक्रिय योगदान और महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया है। कोयंबटूर (तमिलनाडु) में 7 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पांचवीं वेटरन्स स्पोर्ट्स एंड गेम्स नेशनल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए नसीम कुरैशी ने सहभागिता की। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उन्हें सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
नसीम कुरैशी ने वर्ष 2026 की राष्ट्रीय स्लिंग शॉट (गुलेल) प्रतियोगिता के आयोजन में जगदलपुर प्रभारी के रूप में अहम भूमिका निभाई। वहीं, राज्य स्तरीय आयोजन में लगभग 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता नौ चरणों में संपन्न हुई, जिसमें बस्तर, कांकेर, गरियाबंद, बलौदाबाजार, अंबागढ़ चौकी, धमतरी और सरगुजा सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 10-25 वर्ष 25-30 वर्ष, 30-35 वर्ष 35-40 वर्ष 40- 45 वर्ष 45-50 वर्ष 50-55 वर्ष एवं 55-60 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने में आयोजन अध्यक्ष एवं कांकेर संभाग के ब्यूरो चीफ राजेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में अजय पाल सिंह, सुरेश कुमार यादव, महासमुंद के गुलाब नंद, सचिन, नीलकंठ सहित बिलाईगढ़ के अध्यक्ष प्रहलाद एवं अन्य खेलप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन में विभिन्न संस्थाओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का भी सहयोग मिला, जिनमें लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स, शीतला मेडिकल स्टोर्स, गौर मेडिकल स्टोर्स और सोनी पैथोलॉजी लैब शामिल रहे।
नसीम कुरैशी की इस उपलब्धि और खेल गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी है। राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना और स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को जोड़ने में योगदान देना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।




