अमरावती क्षेत्र में पेट्रोल पंप की बदहाल सेवा से ग्रामीण एवं आगंतुक परेशान, 20-25 किमी के दायरे में एकमात्र सुविधा भी अक्सर बंद…


कोंडागांव (प्रभात क्रांति)। कोंडागांव जिले के अमरावती क्षेत्र में बीजापुर पहुंच मार्ग पर स्थित वैभव फ्यूल्स पेट्रोल पंप की अनियमित सेवा से ग्रामीणों एवं क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पेट्रोल पंप अक्सर बंद रहता है और विद्युत व्यवस्था के अभाव में भी सेवा प्रभावित होती है। ऐसे में लगभग 20 से 25 किलोमीटर के अंतराल में पेट्रोल पंप की सुविधा उपलब्ध होने के कारण आसपास के ग्रामीणों तथा आगंतुकों को ईंधन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पेट्रोल पंप की सेवा व्यवस्था को नियमित किया जाए तथा विद्युत सहित आवश्यक सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर पेट्रोल-डीजल मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पेट्रोल पंप संचालित करने के बाद भी लोगों को नियमित सुविधा नहीं मिल पा रही है, तो संबंधित विभाग को इसकी व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर उचित समाधान कराने की मांग की है, ताकि अमरावती क्षेत्र के लोगों और आगंतुकों को ईंधन के लिए परेशान होकर दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।





