छत्तीसगढ़

बस्तर दशहरा पर ‘निचोड़’ पत्रिका का विशेषांक जारी, सांसद महेश कश्यप ने किया विमोचन….

जगदलपुर(प्रभात क्रांति) । सम सामयिक विषयों पर केंद्रित पत्रिका ‘निचोड़’ की ओर से विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व पर विशेषांक प्रकाशित किया गया है। इस विशेषांक का विमोचन बस्तर सांसद महेश कश्यप ने सांसद कार्यालय में किया। लंबे समय से ‘निचोड़’ पत्रिका बस्तर के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और समसामयिक विषयों को अपने प्रकाशनों के माध्यम से सामने लाती रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष बस्तर दशहरा की समृद्ध परंपरा, इतिहास और विभिन्न रस्मों को केंद्र में रखते हुए यह विशेषांक प्रकाशित किया गया है।

विमोचन के दौरान प्रकाशक एस.करीमुद्दीन, राष्ट्रीय प्रतिनिधि साजिद हुसैन, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव धर्मेंद्र महापात्र, अक्षर संयोजक पुष्पेंद्र मार्को और कोटेश्वर नायडू मौजूद रहे। विशेषांक में बस्तर दशहरा पर्व के इतिहास के साथ इसकी प्रमुख रस्मों और परंपराओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। इसमें पाठ जात्रा, लकड़ी लाने की परंपरा, डेरी गाड़ी पूजा विधान, रथ निर्माण प्रक्रिया, कलश स्थापना, जोगी बिठाई, रथ परिक्रमा, बेल देवता, बेल यात्रा, निशा यात्रा, देवियों की स्थापना, जोगी उठाई, गौरा-गौरी पूजा, भीतर रैनी और बाहर रैनी सहित बस्तर दशहरा की अनेक महत्वपूर्ण रस्मों को चित्र सहित शामिल किया गया है।

सांसद महेश कश्यप ने विशेषांक के प्रकाशन पर पत्रिका के प्रकाशकों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने में ‘निचोड़’ पत्रिका का यह प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत स्वरूप है, जिसे इस तरह के प्रकाशनों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। पत्रिका की टीम में प्रकाशक एस. करीमुद्दीन, संपादक जयप्रकाश झा, राष्ट्रीय प्रतिनिधि साजिद हुसैन, ग्राफिक्स एवं डिजाइन समीर देवांगन, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव धर्मेंद्र महापात्र, अक्षर संयोजक पुष्पेंद्र कुमार के साथ छाया अंजार नवी और अजय सिंह का योगदान रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button