छत्तीसगढ़

ग्राम पदेड़ा में आयोजित हुआ निःशुल्क ऑर्थोपेडिक विशेष स्वास्थ्य शिविर, 153 ग्रामीणों ने उठाया लाभ, कमर, जोड़ों व शरीर दर्द का हुआ उपचार 64 पैथोलॉजी जांच में 14 मलेरिया पॉजिटिव व 06 गंभीर एनीमिया के मरीज चिन्हित

बीजापुर (प्रभात क्रांति)। दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से शिखर युवा मंच (Shikhar Yuva Manch) एवं एसबीआई फाउंडेशन (SBI Foundation) के संयुक्त सहयोग से संचालित एसबीआई संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स (मोबाइल मेडिकल यूनिट), बीजापुर द्वारा ग्राम पदेड़ा में एक दिवसीय ऑर्थोपेडिक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 153 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयाँ वितरित की गईं।

जोड़ों व कमर दर्द के मरीजों को मिला विशेष परामर्श

शिविर के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. यशवंत राव गुरला द्वारा ग्रामीणों की गहन चिकित्सकीय जांच की गई। परीक्षण में अधिकांश ग्रामीणों में शरीर दर्द (Body Ache) कमर दर्द (Back Pain) तथा मांसपेशियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याएँ प्रमुख रूप से सामने आईं। चिकित्सक द्वारा सभी मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाइयाँ और दैनिक जीवनशैली एवं व्यायाम से जुड़े जरूरी परामर्श दिए गए।

64 लैब जांचें हुईं, 16 गंभीर मरीज उच्च संस्थान रेफर

स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ शिविर में 64 पैथोलॉजी जांचें भी की गईं। इनमें 34 ग्रामीणों की मलेरिया (RDT) जांच में 14 मलेरिया पॉजिटिव पाए गए जबकि 17 हीमोग्लोबिन (Hb) जांच में 06 मरीजों में गंभीर एनीमिया की पुष्टि हुई। इसके अतिरिक्त 08 आरबीएस (शुगर), 02 ब्लड ग्रुप तथा 02 सिकल सेल जांचें भी की गईं।

स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चिन्हित 14 मलेरिया पॉजिटिव एवं 02 गंभीर एनीमिया से प्रभावित कुल 16 मरीजों को बेहतर एवं अग्रिम उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) चेरपाल और जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया।

जनप्रतिनिधि एवं मेडिकल टीम की रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पदेड़ा की सरपंच श्रीमती मंजू कोरसा की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने ग्रामीणों को शिविर का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। शिविर को सफल बनाने में एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मुकेश मानिकपुरी मेडिकल ऑफिसर डॉ. यशवंत राव गुरला लैब टेक्नीशियन मनोरमा उसेंडी फार्मासिस्ट योगेश लिंगम स्टाफ नर्स खुशबूलता चौधरी एवं पायलट सियाराम कुड़ियाम का सक्रिय योगदान रहा।

संदेश: समय पर जांच, सही परामर्श एवं उचित उपचार – स्वस्थ जीवन की ओर एक महत्वपूर्ण कदम।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button