मानवता सामाजिक संस्था की सेवा पहल, मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और ग्रामीणों को बांटी जरूरत की सामग्री… देखे विडियो

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। मानवता सामाजिक संस्था जगदलपुर द्वारा शिक्षा को प्रोत्साहन देने और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संस्था ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माड़पाल के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए। वहीं, 21 नवंबर को ग्राम मिलकुलवाड़ा (नेतानार-कोलेंग-कैलाश गुफा मार्ग) में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कपड़े, घरेलू उपयोग की सामग्री और बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।

संस्था द्वारा 6 अगस्त 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में कक्षा दसवीं के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गीता मोहंती, वरिष्ठ शिक्षक प्रकाश सारथी, सचिन कारेकर, शिवसिंह चंदेल एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। संस्था की ओर से अवधेश शुक्ल और नागेंद्र राव उपस्थित रहे। इस दौरान रचना कुलपति, खुशी नाग और आशीष कुमार नागेश को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, जबकि समीर यादव को 5 हजार रुपये और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अमृता बघेल, खेमेश्वरी, पल्लवी बघेल, रिया बजरंगी और रानी यादव को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूल बैग प्रदान किए गए।

इसी सेवा अभियान के तहत 21 नवंबर को संस्था ने ग्राम मिलकुलवाड़ा में जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सामग्री वितरित की। इस दौरान बच्चों को खिलौने, गुब्बारे, स्टेशनरी सामग्री, पेन और बिस्कुट दिए गए। महिलाओं को साड़ियां, चादरें और मच्छरदानियां प्रदान की गईं, वहीं पुरुषों को पैंट, शर्ट, लोअर और बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में घासी राम का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर ग्राम पटेल गुंजाराम और पंच लथवननाथ को उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।

दोनों कार्यक्रमों में संस्था के सक्रिय कार्यकर्ताओं विकास बरड़िया, अशोक जैन, जगजीत सिंह और मुकेश जान सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के सदस्यों ने अपनी व्यस्तता के बावजूद समय निकालकर सामाजिक कार्यों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिक्षा के क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने की इन पहलों की सराहना की जा रही है।
देखें वीडियो –




