कोइतपाल में बाल अधिकार सप्ताह की धूम: बेटियों को पढ़ाया समानता, स्वास्थ्य सुरक्षा और 10 मौलिक अधिकारों का पाठ, एसबीआई संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स (मोबाइल मेडिकल यूनिट) ने कन्या प्राथमिक शाला, छात्रावास व माध्यमिक शाला में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम, वीडियो सत्र क्विज़ प्रतियोगिता और इनडोर गेम्स में 74 छात्र-छात्राओं ने दिखाया उत्साह… देखें वीडियो


बीजापुर(प्रभात क्रांति) । बाल अधिकार सप्ताह के अवसर पर शिखर युवा मंच एवं एसबीआई फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से संचालित एसबीआई संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स (मोबाइल मेडिकल यूनिट बीजापुर)द्वारा ग्राम कोइतपाल स्थित कन्या प्राथमिक शाला, छात्रावास एवं माध्यमिक शाला में एक दिवसीय विशेष जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लैंगिक समानता, बालिका शिक्षा स्वास्थ्य सुरक्षा तथा उनके मौलिक बाल अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।

वीडियो सत्र से दी गई स्वास्थ्य और लैंगिक समानता की जानकारी
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रोजेक्टर व वीडियो के माध्यम से बच्चों को संवेदनशील और ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई। इस दौरान लैंगिक समानता एवं बालिका शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बेटियों को निरंतर शिक्षा और समान अवसर देने का संदेश दिया गया। साथ ही बालिकाओं को उनके स्वास्थ्य शारीरिक सुरक्षा तथा गर्भपात (Abortion) संबंधी चिकित्सीय व कानूनी पहलुओं के प्रति आयु-उपयुक्त और संवेदनशील जानकारी देकर जागरूक किया गया।

सभी 10 मौलिक बाल अधिकारों पर हुआ संवाद
मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम ने बच्चों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें जीवन, सुरक्षा शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता और सहभागिता सहित सभी 10 मौलिक बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से समझाया। बच्चों ने भी खुलकर सवाल पूछे और अपने अधिकारों को जाना।

क्विज़ प्रतियोगिता और इनडोर गेम्स में दिखा बच्चों का उत्साह
सत्र में दी गई जानकारी को रोचक बनाने के लिए बाल अधिकार आधारित क्विज़ (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। इसके पश्चात बच्चों में टीम भावना और आपसी सहयोग विकसित करने के लिए इनडोर गेम्स खिलाए गए, जिसमें सभी बच्चों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।

विद्यालय परिवार की रही सक्रिय सहभागिता
इस सफल आयोजन में प्राथमिक शाला की 3 शिक्षिकाएं, माध्यमिक शाला के 1 शिक्षक तथा 74 छात्र-छात्राओं सहित कुल 78 प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन और एसबीआई संजीवनी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
देखें वीडियो –




