आरक्षण और यूसीसी के विरोध में आदिवासी समाज का तीन चरणों में आंदोलन, 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव, 01 दिसंबर को विधायकों के आवास के बाहर नगाड़ा बजाकर जताएंगे विरोध, 10 दिसंबर को जिला मुख्यालयों में होगा पुतला दहन


बीजापुर (प्रभात क्रांति) । आरक्षण में कटौती, आदिम जाति कल्याण विभाग का नाम बदलने और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की चर्चाओं के विरोध में सर्व आदिवासी समाज ने तीन चरणों में आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के अंतिम चरण में 15 दिसंबर को राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
इससे पहले 1 दिसंबर को प्रदेश भर में विधायकों के आवास के बाहर नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। वहीं, 10 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री और आदिम जाति कल्याण मंत्री का पुतला दहन किया जाएगा।
गुरुवार को गोंडवाना भवन बीजापुर में आयोजित सर्व आदिवासी समाज की जिला स्तरीय बैठक में संभागीय इकाई द्वारा लिए गए निर्णयों के परिपालन में आंदोलन की रणनीति तय की गई। समाज के जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने बताया कि आगामी 23 नवंबर को जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगते हुए स्मरण ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में उसूर और भोपालपट्टनम ब्लॉक इकाइयों की बैठक आयोजित करने के लिए जिला प्रतिनिधियों का दल भेजने का भी निर्णय लिया गया।
इस दौरान युवा प्रभाग अध्यक्ष कुंवर सिंह मज्जी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, कमलेश पैंकरा, कामेश्वर दुब्बा, अमित कोरसा, पाकलू तेलम, मंगू लेकम, सन्नू हेमला, पायल हेमला, जमुना ताती, धनीराम तेलम, बिट्टू माड़वी, गुड्डू मोडीयम, रामा पुनेम, संदीप तेलम, सागर कक्केम, राजेश उइका, सुरेश कड़ती सहित बड़ी संख्या में समाज प्रमुख उपस्थित रहे।




