क्षतिग्रस्त पुल बना ग्रामीणों और किसानों की परेशानी, तुरंगुर-लालागुड़ा मार्ग पर आवागमन ठप… देखें वीडियो –

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के बास्तानार विकासखंड अंतर्गत तुरंगुर से लालागुड़ा पहुंच मार्ग पर बना पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ा है। पुल ढह जाने के कारण इस मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। इससे आसपास के ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
तुरंगुर-लालागुड़ा मार्ग आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। पुल क्षतिग्रस्त होने से किसानों को खेतों तक पहुंचने, कृषि कार्य करने, धान का परिवहन करने और व्यापारिक गतिविधियों में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बास्तानार से लालागुड़ा अथवा तुरंगुर की ओर जाने के लिए उन्हें वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बर्बादी हो रही है।
धान खरीदी का समय नजदीक आने के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। यह मार्ग आसपास के गांवों से धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण है। पुल का पुनर्निर्माण नहीं होने पर किसानों को अपनी उपज केंद्र तक पहुंचाने में अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है। इसके अलावा विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों के आवागमन पर भी इसका असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष अत्यधिक बारिश के दौरान पुल ढह गया था। इसके बाद से कई बार संबंधित विभाग और शासन-प्रशासन को पुल के पुनर्निर्माण की मांग से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि तुरंगुर-लालागुड़ा मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके तथा बाधित आवागमन व्यवस्था फिर से सुचारू हो सके।
देखें वीडियो –





