बाल अधिकार सप्ताह: अरमनार में बच्चों को सिखाए सुरक्षा के गुर, मुसालूर में हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण, POCSO एक्ट, गुड टच-बैड टच और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी गई जानकारी; एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स की पहल से 81 विद्यार्थी एवं शिक्षक हुए लाभान्वित


बीजापुर(प्रभात क्रांति)। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बाल अधिकार सप्ताह–2026 के अंतर्गत शुक्रवार को बीजापुर जिले के ग्राम अरमनार एवं मुसालूर के विद्यालयों में विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यह कार्यक्रम ‘प्लेग्राउंड ऑफ पॉसिबिलिटीज’ थीम के तहत एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से शिखर युवा मंच द्वारा संचालित एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स – मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU), बीजापुर की टीम द्वारा आयोजित किया गया। दोनों विद्यालयों में कुल 76 विद्यार्थियों एवं 5 शिक्षकों सहित 81 लोगों ने सहभागिता की।

अरमनार में प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को दी बाल अधिकारों की जानकारी
ग्राम अरमनार के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 59 विद्यार्थियों एवं 3 शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से शैक्षणिक वीडियो एवं प्रस्तुतीकरण दिखाकर बच्चों को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act 2012), बाल अधिकारों तथा बच्चों के मौलिक अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए व्यक्तिगत सुरक्षा, अच्छे-बुरे व्यवहार की पहचान तथा किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके साथ ही बच्चों को संकट, शोषण, हिंसा अथवा असुरक्षा की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 1098 की जानकारी दी गई। बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं मनोरंजक इनडोर खेलों का भी आयोजन किया गया।
मुसालूर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं ब्लड ग्रुप परीक्षण शिविर
ग्राम मुसालूर के प्राथमिक विद्यालय में एसबीआई संजीवनी मोबाइल मेडिकल यूनिट की मेडिकल टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं ब्लड ग्रुप जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें 17 विद्यार्थियों एवं 2 शिक्षकों सहित कुल 19 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस दौरान बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ सभी विद्यार्थियों का ब्लड ग्रुप परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। मेडिकल टीम ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।

सुरक्षित बचपन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर प्राप्त करना उसका अधिकार है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि विद्यालय, समुदाय और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, अपने अधिकारों को समझने और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बाल अधिकारों एवं सामाजिक जागरूकता को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।




