छत्तीसगढ़

फर्जी निवास प्रमाण-पत्र जारी होने की शिकायत पर भड़के बीजापुर के बेरोजगार युवा, सैकड़ों युवाओं ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, बस्तर फाइटर्स सहित शासकीय भर्तियों में स्थानीय युवाओं के अधिकारों की रक्षा की मांग, विधायक विक्रम शाह मंडावी ने दिया समर्थन

बीजापुर (प्रभात क्रांति) बीजापुर जिले में शासकीय भर्तियों के बीच कथित फर्जी स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की शिकायत को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं ने आवाज बुलंद की है। जिले के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं ने एकजुट होकर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। युवाओं ने इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और चिंताओं से अवगत कराया। बैठक में सैकड़ों युवाओं ने विस्तार से चर्चा करते हुए निर्णय लिया कि जिले में जारी किए गए संदिग्ध निवास प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए प्रशासन के समक्ष मांग रखी जाएगी। इसके बाद युवाओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और तहसीलदार, तहसील कार्यालय बीजापुर के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की।

युवाओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बस्तर संभाग सहित बीजापुर जिले में बस्तर फाइटर्स (पुलिस) के 417 पदों समेत विभिन्न शासकीय विभागों में अनेक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इन भर्तियों में स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता रखी गई है, ताकि क्षेत्र के मूल निवासी युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। लेकिन आरोप है कि बीजापुर तहसील कार्यालय सहित जिले के अन्य तहसील कार्यालयों से दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों को भी कथित रूप से नियम विरुद्ध निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो इससे जिले के वास्तविक स्थानीय बेरोजगार युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं।

युवाओं ने कहा कि बीजापुर जिला आदिवासी बहुल और संवेदनशील दुर्गम क्षेत्र है। यहां के युवा सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बावजूद शिक्षा प्राप्त कर सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। स्थानीय युवाओं को उम्मीद रहती है कि शासन की भर्ती प्रक्रिया में उन्हें प्राथमिकता और नियमानुसार अवसर मिलेगा। ऐसे में यदि जिले से बाहर के अभ्यर्थियों को गलत दस्तावेजों के आधार पर स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाते हैं तो यह बीजापुर के मूल निवासी युवाओं के साथ अन्याय होगा। युवाओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी योग्य अभ्यर्थी को रोजगार से वंचित करना नहीं, बल्कि स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है।

ज्ञापन में रखी प्रमुख मांगें

युवाओं ने कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की है कि बीजापुर जिले में अब तक जारी किए गए स्थानीय निवास प्रमाण-पत्रों की नियमानुसार जांच कराई जाए। विशेष रूप से दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों को जारी किए गए संदिग्ध प्रमाण-पत्रों की पात्रता और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए। यदि जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर या नियमों को दरकिनार कर निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित अभ्यर्थियों के साथ-साथ इसमें संलिप्त अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा आगामी सभी शासकीय भर्तियों में स्थानीय निवास प्रमाण-पत्रों का नियमानुसार अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।

इस पूरे मामले में विधायक विक्रम शाह मंडावी ने भी स्थानीय बेरोजगार युवाओं की मांगों का समर्थन किया है। सैकड़ों युवाओं ने विधायक के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि जिले के मूल निवासी युवाओं के रोजगार के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है। विधायक ने युवाओं की समस्या को गंभीरता से सुना और उनके समर्थन में अपनी बात रखी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज तेलम, पंकज राणा, किशोर कोर्रम, राहुल अभय, देवेंद्र सहित सैकड़ों बेरोजगार युवा मौजूद रहे। युवाओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच शुरू की जाए और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि बीजापुर के स्थानीय युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियमानुसार अवसर मिलना चाहिए और किसी भी प्रकार की अनियमितता के कारण उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। अब सैकड़ों बेरोजगार युवाओं की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button