कोरकोटी में जन चौपाल लगाकर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, शासन की योजनाओं को अंत्योदय तक पहुँचाने पर जोर…


दंतेवाड़ा(प्रभात क्रांति)। दंतेवाड़ा जिले के गीदम विकासखंड अंतर्गत सुदूर ग्राम पंचायत कोरकोटी सहित विभिन्न पंचायतों में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी का सार्थक एवं जनकेंद्रित प्रवास संपन्न हुआ। यह प्रवास छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की जनहितैषी नीतियों एवं अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

प्रवास के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी द्वारा विभिन्न स्थानों पर चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद स्थापित किया गया। इस अवसर पर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए गए तथा योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली गई।

साथ ही आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन के साथ-साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं श्रम कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की दिशा में पहल करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र से जुड़े मूलभूत सुविधाओं, आवश्यकताओं एवं जनहित के विषयों को प्रमुखता से रखा, जिन पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आश्वस्त किया गया।
प्रवास के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने क्षेत्र के युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा, तकनीकी सशक्तिकरण, कौशल विकास, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल शिक्षा एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस प्रवास में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति ममता मांडवी, जनपद पंचायत गीदम अध्यक्ष शकुंतला भास्कर, जनपद सदस्य मुन्ना कश्यप, ग्राम पंचायत करकोटी सरपंच विजय कश्यप, ग्राम पंचायत ईडपाल सरपंच शिवानी, ग्राम पंचायत हितामेटा सरपंच रमेश कश्यप, सांसद प्रतिनिधि नवीन विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष गीदम सुधाराम भास्कर, मंडल अध्यक्ष बारसूर बैसु मंडावी, उपसरपंच कोरकोटी बलराम मचाकी, भाजपा जिला मंत्री भुवनेश्वर दादा तथा वरिष्ठ नागरिक महादेव मांडवी, सोना मांडवी, फगनुराम, भीमा कश्यप, सोनधर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा एवं गति मिल रही है तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए सतत प्रभावी पहल की जा रही है।





