छत्तीसगढ़

गरीबों के हक के चावल की हेराफेरी उजागर, राशन दुकान से 20 मीटर दूर घर में मिली 30 बोरी, कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल…. देखें वीडियो 

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के जनपद पंचायत बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बनियागांव में शासकीय राशन चावल की कथित हेराफेरी का गंभीर मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि राशन दुकान से महज 20 मीटर की दूरी पर एक मकान में करीब 30 बोरी शासकीय चावल संदिग्ध स्थिति में पाया गया।

जानकारी के अनुसार पंच तूफान सिंह नाग सहित अन्य तीन पंचों द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि पूर्व राशन दुकान संचालक अमर मांझी द्वारा उक्त चावल को रूप सिंह के घर में अवैध रूप से डंप कराया गया था। निरीक्षण के दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया।

जब इस संबंध में अमर मांझी से पूछताछ की गई तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल किया, जिससे मामले में हेराफेरी की आशंका और मजबूत हो गई। बताया जा रहा है कि कार्रवाई की आशंका के चलते बाद में चावल को अन्य बारदानों में बदल दिया गया।

इस पूरे मामले की सूचना तत्काल तहसीलदार बकावंड एवं खाद्य निरीक्षक हेमन्त ब्रह्मभट्ट को दी गई, लेकिन समय पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण चावल की जब्ती नहीं हो सकी। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

गौरतलब है कि पूर्व में भी संबंधित राशन दुकान संचालक पर अनियमितताओं के मामले सामने आ चुके हैं और कार्रवाई भी की गई थी, बावजूद इसके पुनः इस तरह की घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीबों के हक का शासकीय चावल इस प्रकार अवैध रूप से संग्रहित कर बेचना बेहद निंदनीय कृत्य है। यह न केवल शासन की योजनाओं पर प्रश्नचिन्ह लगाता है, बल्कि जरूरतमंद लोगों के अधिकारों का सीधा हनन भी है।

इस तरह के मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेते हुए कठोर कार्रवाई करनी चाहिए तथा इसमें संलिप्त सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और गरीबों का हक सुरक्षित रह सके।

देखें वीडियो –

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button