छत्तीसगढ़

आदिवासी समाज का 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव, केदार कश्यप के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित, 1 दिसंबर से चरणबद्ध आंदोलन

बीजापुर(प्रभात क्रांति)। सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ ने लंबित मांगों पर शासन की कथित उदासीनता के खिलाफ 1 दिसंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। मंगलवार को रायपुर के होटल विंमतारा में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव का निर्णय लिया गया। बैठक में मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया।

बैठक में आदिवासी आरक्षण, स्थानीय भर्ती नीति, बैकलॉग पदों की सूची सार्वजनिक करने, पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और विस्थापित आदिवासियों की घर वापसी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। समाज ने आरोप लगाया कि 15 सूत्रीय मांगपत्र सौंपे जाने के बावजूद शासन ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है।

बैठक में प्रदेश के सभी आदिवासी विधायकों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन केवल चार विधानसभा क्षेत्रों के विधायक शामिल हुए। सामाजिक प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि मंत्री केदार कश्यप ने सत्ता पक्ष के आदिवासी विधायकों और मंत्रियों को फोन कर बैठक में आने से रोकने का प्रयास किया। इस कथित घटनाक्रम की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया।

समाज ने आंदोलन के तहत 1 दिसंबर को विधायकों के निवास के सामने नगाड़ा बजाने, 9 दिसंबर को जिला मुख्यालयों में मंत्रिमंडल का पुतला दहन करने और 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव करने की घोषणा की है।

बैठक में प्रतिनिधियों ने कहा कि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण, स्थानीय रोजगार और स्वशासन से जुड़े मुद्दों पर स्थायी समाधान होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button