छत्तीसगढ़

जैविक खेती को बढ़ावा देने किसानों की महापंचायत आयोजित… देखें वीडियो 

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के तत्वाधान में एवं कृषि महाविद्यालय परिसर में जैविक खेती, उर्वरक प्रबंधन और उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों की विशाल महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। सभागार और स्टेडियम परिसर किसानों की उपस्थिति से खचाखच भरा रहा, जहां किसानों ने कृषि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन को गंभीरता से सुना।

महापंचायत में मुख्य रूप से विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, महापौर संजय पांडेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय, वरिष्ठ कृषक छविलेश्वर जोशी, लच्छू कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ एवं किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. संतोष नाग, डॉ. धर्मेन्द्र केरकेट्टा एवं डॉ. कमलेश ने किसानों को जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन, फसल चक्र, प्राकृतिक खेती तथा उन्नत उत्पादन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।

वक्ताओं ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग को कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि जैविक खाद के उपयोग से भूमि की उर्वरक क्षमता बढ़ती है, उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार होता है तथा किसानों की लागत भी कम होती है। साथ ही किसानों को फसलों की बेहतर पैदावार, जैविक खाद निर्माण और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विधायक किरण देव ने कहा कि कृषि और किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक और योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं महापौर संजय पांडेय ने किसानों को अन्नदाता बताते हुए कहा कि शासन द्वारा किसानों की समृद्धि के लिए सिंचाई, कृषि विकास और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने वाली अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में किसानों से जैविक खेती को अपनाने और अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

देखें वीडियो –

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button