राजनगर के वार्ड पंच जुगल कश्यप ने अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को बांटे स्कूल बैग, कॉपी और पेन…


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के जनपद पंचायत बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राजनगर में एक जनप्रतिनिधि द्वारा किया गया सराहनीय कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्राम पंचायत के वार्ड पंच जुगल कश्यप ने शिक्षा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए प्राथमिक शाला प्लाटपारा, प्राथमिक शाला राजनगर एवं प्राथमिक शाला मुंडापारा में अध्ययनरत उन 30 बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी और पेन वितरित किए, जिनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके इस मानवीय प्रयास की ग्रामीणों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में इसी तरह सेवा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करे, तो गांवों के विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ सकती है। गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है, जिससे अन्य लोगों को भी आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि हर वार्ड पंच और जनप्रतिनिधि अपने कर्तव्यों के साथ सेवा भावना को भी प्राथमिकता दे, तो शिक्षा, सामाजिक विकास और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
जुगल कश्यप की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि समाज के प्रति सकारात्मक सोच और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी मिसाल बन सकते हैं। यदि देशभर में ऐसे जनप्रतिनिधि और नागरिक आगे आएं, तो गांवों के साथ-साथ देश के विकास की गति भी और तेज हो जाएगी।





