छत्तीसगढ़

संजय मार्केट में गंदगी का अंबार, बदबू और जलभराव से व्यापारी-ग्राहक परेशान, शिकायतों के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई…देखें वीडियों –

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। शहर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र संजय मार्केट में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मार्केट परिसर में कचरे के ढेर, जाम नालियां और सड़ांध भरी बदबू के कारण दुकानदारों, ग्राहकों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो में भी स्पष्ट रूप से गंदगी और जलभराव की स्थिति देखी जा सकती है, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहा।

दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं को गंदगी के बीच ही बैठकर व्यापार करना पड़ रहा है। शौचालय बने होने के बावजूद उपयोग नहीं होने से लोग बाहर ही शौच करने को मजबूर हैं, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं। वहीं कचरे के बीच शराब की बोतलें और नशीले पदार्थ भी पड़े मिल रहे हैं। गंदा पानी नालियों से बहकर सड़कों और दुकानों में घुस जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि नगर निगम को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पास में पुलिस सहायता केंद्र (संजय मार्केट चौकी) और लाखों रुपये की बनी इमारत होने के बावजूद क्षेत्र उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचते।

स्वच्छता अभियान की बात करने वाली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए व्यापारियों और नागरिकों ने कहा कि यदि समय रहते सफाई, नाली मरम्मत और नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था नहीं की गई तो संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

देखें वीडियों –

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button