छत्तीसगढ़

मावा पुलिस केतुल अभियान के तहत थाना गंगालूर अंतर्गत ग्राम कोरचोली में साइबर जागरूकता एवं नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित…

बीजापुर (प्रभात क्रांति)। जिला पुलिस बीजापुर द्वारा संचालित “मावा पुलिस केतुल अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25 जून 2026 को थाना गंगालूर अंतर्गत ग्राम कोरचोली में साइबर अपराध जागरूकता, नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को आधुनिक साइबर अपराधों, नशे के दुष्प्रभावों, सड़क सुरक्षा एवं शासन की जनहितकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में यातायात नोडल अधिकारी एवं उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू, सीआरपीएफ 222वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट स्वतंत्र कुमार, थाना गंगालूर के सब इंस्पेक्टर महेश्वर पैकरा, रोड सेफ्टी सेल के अवध सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक कावेरी मंडावी , थाना स्टाफ, सीआरपीएफ 222वीं बटालियन के अधिकारी एवं जवान तथा ग्राम तोड़का, कोरचोली एवं इटावर के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप पुलिस अधीक्षक एवं यातायात नोडल अधिकारी विनीत साहू ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, जैसे डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई एवं क्यूआर कोड ठगी, फर्जी निवेश योजनाएं एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाते अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

रोड सेफ्टी सेल के अवध सिन्हा ने यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने शासन की *पीएम राहत योजना* के उद्देश्य एवं पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी देकर ग्रामीणों से आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ लेने की अपील की।

सब इंस्पेक्टर महेश्वर पैकरा ने ग्रामीणों को क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा स्वयं भी अपराधों से दूर रहकर कानून का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डीआरजी के जवानों द्वारा प्रस्तुत नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता विषयक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक तथा सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति रही। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेशों को अत्यंत सरल एवं प्रभावी ढंग से ग्रामीणों तक पहुँचाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के समापन पर उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू ने सभी ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

ग्रामीणों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लेते हुए जिला पुलिस बीजापुर एवं सुरक्षा बलों द्वारा संचालित “मावा पुलिस केतुल” अभियान की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

जिला पुलिस बीजापुर द्वारा “मावा पुलिस केतुल” अभियान के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद, जनजागरूकता एवं पुलिस-जनता के विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button