छत्तीसगढ़

एक बार फिर बकावंड SDM मनीष वर्मा की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध धान परिवहन पर कसा शिकंजा…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति) । अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) बकावंड मनीष वर्मा द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में एक बार फिर प्रशासन ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध धान परिवहन के मामले का खुलासा किया है।

प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर SDM मनीष वर्मा के स्पष्ट निर्देश पर संबंधित विभाग की टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रेम सिंह पटेल, उम्र 27 वर्ष, को पिकअप वाहन क्रमांक CG18K-6586 के माध्यम से अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।

जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन में कुल 22 क्विंटल धान लोड था, जिसके संबंध में चालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज, अनुमति पत्र अथवा परिवहन संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेजों के अभाव में प्रशासन ने इसे अवैध परिवहन मानते हुए धान सहित पिकअप वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया।

जब्त किए गए वाहन एवं धान को आगे की विधिसम्मत कार्रवाई हेतु थाना बकावंड को सुपुर्द किया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि क्षेत्र में अवैध धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे अवैध कारोबारियों में भय का माहौल बना है तथा नियमों का पालन सुनिश्चित होगा। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button