गारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन, बस्तर संभाग बना ऑल ओवर चैंपियन, वन मंत्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों से कहा—खेल को बनाएं करियर


जगदलपुर(प्रभात क्रांति) । । खेल परिसर जगदलपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि वन मंत्री श्री केदार कश्यप रहे, जबकि अध्यक्षता जगदलपुर महापौर श्री संजय पांडे ने की। पांच संभागों से पहुंचे करीब 700 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीन खेलों एथलेटिक्स, हैंडबॉल और रग्बी में बालक-बालिकाओं के विभिन्न आयु वर्गों में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर संभाग ने ऑल ओवर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
टीम गेम में बस्तर का दबदबा
हैंडबॉल बालक अंडर-17 वर्ग में बस्तर संभाग प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय स्थान पर रहा। हैंडबॉल बालिका अंडर-17 में भी बस्तर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा।
रग्बी बालक अंडर-17 में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और बस्तर तृतीय स्थान पर रहा। रग्बी बालिका अंडर-17 में रायपुर प्रथम, बस्तर द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा। इन परिणामों के आधार पर बस्तर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप हासिल कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
खेल अब सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं : केदार कश्यप
मुख्य अतिथि वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के लिए एक बेहतर करियर का रास्ता भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार किसी एक खेल को चुनकर लगातार अभ्यास करना चाहिए।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि मैदान में जीत के लिए मेहनत जितनी जरूरी है, जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन और धैर्य भी उतना ही जरूरी है। हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर अपनी कमियों को दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव और दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
श्री कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बस्तर की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है। यहां के खिलाड़ी यदि सही प्रशिक्षण और अवसर के साथ आगे बढ़ें तो राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर : संजय पांडे
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर श्री संजय पांडे ने कहा कि जगदलपुर में इतनी बड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शहर के लिए गौरव की बात है। प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने यहां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करता है।
महापौर ने कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता है कि इन प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर मिलते रहें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए सफल आयोजन के लिए शिक्षा एवं खेल विभाग को बधाई दी।
बस्तर की संस्कृति से सजा समापन समारोह
समापन अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों एवं कलाकारों ने बस्तर की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, लोक संगीत और कला पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा और लोक वाद्यों की प्रस्तुतियों ने पूरे खेल परिसर को बस्तर की संस्कृति से सराबोर कर दिया। खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में श्री वनवासी मौर्य, सभापति खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला पंचायत, श्री सुरेश गुप्ता, जिला आयुक्त स्काउट एवं गाइड, श्री संग्राम सिंह राणा, MIC सदस्य, श्री नर्सिंग राव, श्री एच.आर. सोम, संयुक्त संचालक, श्री बलिराम बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी, श्री अशोक पांडे, डीएमसी, श्री डी. कैमरों, क्रीड़ा अधिकारी, श्री वेद प्रकाश सोनी, श्री जोगेंद्र ठाकुर, श्री प्रदीप राव एवं संभागीय क्रीड़ा अधिकारी श्री रविन्द्र पटनायक सहित शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बस्तर संभाग की ऑल ओवर चैंपियनशिप के साथ खेल परिसर में आयोजित चार दिवसीय खेल महाकुंभ का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।




