निकाय चुनाव का प्रचार थमने से पहले भाजपा प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव एवं महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने नुक्कड़ सभाएं कर मांगा जनता का आशीर्वाद, स्वच्छता रैंकिग में जगदलपुर शहर होगा नंबर वन – संजय पाण्डे

जगदलपुर(प्रभात क्रांति)। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर 11 फरवरी को मतदान है और उसके 24 घंटा पहले चुनाव प्रचार थम चुका है। इससे पूर्व भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए शहर सहित वार्डों में जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया। नगरीय निकाय चुनाव का प्रचार-प्रसार थमने से पहले रविवार को महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने वन-टू-वन पांच वार्डों का दौरा किया।
प्रचार की कड़ी में ‘संजय पाण्डे’ ने सर्वप्रथम प्रताप देव वार्ड से जनसंपर्क की शुरूआत की, इसके बाद मोती लाल नेहरू वार्ड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड, बालाजी वार्ड एवं सदर वार्ड में सघन जनसंपर्क कर लोगों से संवाद स्थापित किया, स्वच्छता रैंकिंग में शहर को नंबर वन बनाने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने, ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करने जैसे अपने विज़न बताया एवं संकल्प पत्र के वादों को साझा किया। साथ ही भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रत्याशियों को भरपूर आशीर्वाद देकर प्रचण्ड़ मतों से विजयी बनाने का आग्रह भी किया।
निकाय में ट्रिपल और पंचायत चुनाव में चार इंजन की भाजपा सरकार बनाकर दें विकास के पहिये को गति – किरण देव
नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने एक तरफ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को ही जगदलपुर शहर में भव्य रोड-शो किया था, तो वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पूरा संगठन चुनावी रण में कूच कर रहा है और भाजपा के पक्ष में मतदान करने मतदाताओं से अपील कर रहा है। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित नुक्कड़ सभा में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताकर प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने निकाय चुनाव में ट्रिपल और पंचायत चुनाव में चार इंजन की भाजपा सरकार बनाकर विकास के पहिये को गति देने की अपील की।
भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र के वादों के बारे में लोगों को विस्तार से बताया, साथ ही भाजपा सरकार के विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि जगदलपुर शहर में भाजपा महापौर एवं पार्षद पद के सभी प्रत्याशी सुशासन स्थापित करने के लिये संकल्पित हैं। शहर के संपूर्ण विकास के लिये भारतीय जनता पार्टी को आमजन का समर्थन आवश्यक है। उक्त बातें कहते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मतदाताओं से नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से भाजपा को आशीर्वाद प्रदान करने की अपील की।