विद्यालय के न्यौता भोज में शामिल हुए सरपंच भरत कश्यप, राशन वितरण व्यवस्था का भी किया निरीक्षण…


जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। बस्तर जिले के विकासखंड लोहंडीगुड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़िया के युवा सरपंच भरत कश्यप ने ग्राम परियागुड़ा स्थित माध्यमिक शाला में आयोजित न्यौता भोज कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ भोजन किया, उनका हालचाल जाना तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में सरपंच भरत कश्यप ने विद्यालय के शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर प्रधान अध्यापक रमणी मौर्य, शाला समिति अध्यक्ष सुदरू सेठिया, पंच निरंजन बघेल, चेतन ग्वाल, क्षिप्रा किरण राव, दल्लूराम ठाकुर, सत्तो सेठिया, कामना तिवारी, तृप्ति खापर्डे सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
विद्यालय कार्यक्रम के बाद सरपंच भरत कश्यप शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच राशन वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान सरपंच ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के साथ-साथ शिक्षा, खाद्यान्न वितरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में सुदरू सेठिया, सावेंद्र सेठिया, लखन कश्यप, चेतन ग्वाल, मोतीराम कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





