कलचा होली में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव, सद्भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया पारंपरिक उत्सव….


जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । बस्तर अंचल में होली केवल रंगों का पर्व नहीं बल्कि सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। बस्तर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मनाई जाने वाली माड़पाल होली, कलचा होली, तारापुर होली, करपाण्ड होली सहित कई ग्रामीण होली उत्सवों का विशेष महत्व है । इन आयोजनों में ग्रामीण अपने रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित कर आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ पर्व का आनंद लेते हैं ।
इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी ग्राम कलचा में होली उत्सव का आयोजन बड़े ही भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर होली खेली और सभी को रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं दीं । इस दौरान मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किरण देव ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामवासियों की समस्याओं और मांगों को भी सुना तथा उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया ।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता, धर्मरक्षक पदाधिकारी हरि साहू, अर्जुन सेठिया, जनपद पंचायत जगदलपुर के अध्यक्ष श्री पदलाम नाग, छत्तीसगढ़ पत्रकार महा संघ के उपाध्यक्ष श्री प्रहलाद प्रसाद पांडे, ग्राम कलचा के सरपंच सहित आसपास के गांवों के सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पारंपरिक तरीके से होली उत्सव मनाया और कार्यक्रम को सफल बनाया ।




