छत्तीसगढ़

तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 का पारिश्रमिक संग्रहकों को नगद भुगतान करने की मांग को लेकर विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र , मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक विक्रम मंडावी ने रखी 7 मांगे …

बीजापुर(प्रभात क्रांति) ।  शुक्रवार को बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि “जिला-बीजापुर के अंतर्गत तेन्दूपत्ता सीजन 2026 का संग्रहण किया जाना है। बीजापुर आदिवासी बाहुल्य जिला है तथा यहां निवासरत् सभी ग्रामीण तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य करते है एवं अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी परिवारों का भी जीविकोपार्जन का एक मात्र साधन तेन्दूपत्ता संग्रहण ही है।

बीजापुर जिला अतिसंवेदनशील क्षेत्र है। बीजापुर जैसे दुर्गम क्षेत्र और आदिवासी बहुल क्षेत्र के सभी संग्रहकों के पास बैंक खाता उपलब्ध नहीं है। यहाँ पर अंदरूनी गांवों से बैंको की दूरी भी बहुत ही ज्यादा है। जिसके कारण ग्रामीणों को बैंको से राशि आहरण करने में भारी परेशानियों का सामना करना पडता है।

तेंदूपत्ता संग्रहकों को पारिश्रमिक की राशि का भुगतान नगद हो ताकि संग्रहकों को बैंकों की अत्यधिक दूरी का सामना ना करना पड़े। इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से 7 मांगों पर ध्यान अकृष्ठ कराया है जो निम्नानुसार हैं-

1. तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य ठेकेदारी प्रथा से कराया जाये।

2. तेन्दूपत्ता संग्रहण का नगद भुगतान (केन्द्र पर ही कैश) सुनिश्चित हो।

3. वर्तमान में 5500/- रूपये प्रति मानक की दर को बढ़ाकर 7000/- रूपये किया जाये।

4. ग्रामीणों की मांग पर आवश्यकतानुसार तत्काल तेन्दूपत्ता फड़ खोला जाये।

5. नेशनल पार्क, पामेड़ अभ्यारण एवं टिण्डोड़ी अभ्यारण क्षेत्र में तेन्दूपत्ता तोड़ने की व्यवस्था की जाये।

6. फड़मुंशीयों के कमीशन में वृद्धि करते हुए घोषणानुरूप 25000/- रूपये वार्षिक मानदेय दिया जाये।

7. तेन्दूपत्ता तोड़ाई एवं खरीदी का कार्य लगातार 15 दिनों तक बिना किसी रूकावट के चलाया जाये।

विधायक विक्रम मंडावी ने विश्वास जताते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बीजापुर जिले के आदिवासियों की इन मांगों को गंभीरता से संज्ञान में लेंगे और तेंदूपत्ता हितग्राहियों की मांगों का शीघ्र निराकरण करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button