जलनी माता कप–तृतीय सत्र का भव्य समापन, डिम्रपाल बनी विजेता, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने युवाओं को दिया नशामुक्ति व खेल का संदेश

जगदलपुर (प्रभात क्रांति)। ग्राम आसना (तमाकोनी) में यंग स्टार XI आसना क्रिकेट कमेटी द्वारा आयोजित जलनी माता कप – तृतीय सत्र का समापन समारोह एवं फाइनल मुकाबला बड़े ही उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बस्तर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबला डिम्रपाल एवं बकावंड की टीमों के बीच खेला गया, जो केवल एक क्रिकेट मैच नहीं बल्कि ग्रामीण युवा शक्ति, संघर्ष और खेल भावना का जीवंत उदाहरण बन गया। रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए डिम्रपाल की टीम विजेता बनी, जबकि बकावंड की टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों ने यह साबित किया कि बस्तर का युवा आज हर क्षेत्र में नेतृत्व करने की पूरी क्षमता रखता है।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए हेमंत कश्यप ने कहा कि “नशा युवाओं को बर्बाद करता है, जबकि खेल उन्हें मजबूत बनाता है। खेल मैदान से निकला अनुशासन ही आगे चलकर समाज और राजनीति में सशक्त नेतृत्व तैयार करता है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और संगठन से जुड़ें, ताकि एक जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बस्तर का निर्माण हो सके।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती अनीता नागे, सरपंच पति श्री मनीराम बघेल, उपसरपंच श्रीमती राधिका देहारी, बिसनाथ, देवशंकर पंडा, मोतीराम ध्रुव, धनीराम पटेल, मांझी, पुजारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, खेलप्रेमी युवा एवं दर्शक उपस्थित रहे।
यंग स्टार XI आसना क्रिकेट कमेटी ने इस आयोजन के माध्यम से यह सिद्ध कर दिया कि जब आयोजन की कमान युवाओं के हाथ में होती है, तब खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन जाता है। सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए आयोजन समिति को सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह ने हार्दिक बधाई दी।




