छत्तीसगढ़

महापौर संजय पाण्डे ने काछनगुड़ी स्थल का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने कहा…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति), विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व की तैयारियों के तहत नगर निगम महापौर संजय पाण्डे काछनगुड़ी स्थल पहुंचे और वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने दशहरा आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने कहा।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने उपस्थित कर्मचारियों से कहा कि विश्व प्रसिद्ध दशहरा जैसे पर्व में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और आमजन की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। महापौर ने निर्देशित किया कि जहां भी कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

काछनगुड़ी स्थल बस्तर दशहरा पर्व का अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव है। परंपरागत रूप से यहां देवी मां की पूजा-अर्चना और विभिन्न अनुष्ठान संपन्न होते हैं। यह स्थल दशहरा पर्व की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक माना जाता है, जहां हर वर्ष श्रद्धालु दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने आते हैं।

महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि बस्तर दशहरा की गरिमा और परंपरा पूरे विश्व में अद्वितीय है। यह न केवल बस्तर की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि हमारी पहचान भी है। ऐसे में नगर निगम का दायित्व है कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण हों। हमारी प्राथमिकता है कि दशहरा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले।इस अवसर पर स्वच्छता विभाग के सभापति लक्ष्मण झा, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि वे टीम भावना के साथ कार्य करें और दशहरा पर्व को गरिमा व शालीनता के साथ संपन्न कराने में पूरी जिम्मेदारी निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button