तेन्दूपत्ता बोनस घोटाले में ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति), राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने तेन्दूपत्ता बोनस गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग से जुड़े 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक अनियमितताओं के मामले में की गई है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, डीएफओ अशोक कुमार पटेल, तत्कालीन वनमंडलाधिकारी व प्रबंध संचालक वन विकास निगम, ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर तेन्दूपत्ता संग्राहकों को दिए जाने वाले बोनस का बड़ा हिस्सा गबन किया। यह घटना वर्ष 2021 और 2022 के दौरान घटित हुई।
जांच में सामने आया कि बोनस वितरण के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रकम का दुरुपयोग किया गया। यह राशि वास्तविक लाभार्थियों को न देकर निजी खातों में स्थानांतरित की गई, जिससे शासन को करोड़ों रुपये की चपत लगी।
इस मामले में अपराध क्रमांक 26/2025 धारा 409, 120बी भादंवि के तहत दिनांक 08.04.2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ईओडब्ल्यू ने सबूतों के आधार पर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 वनकर्मी (3 उपवन क्षेत्रपाल और 1 वनरक्षक) तथा 7 अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
-
पोड़ियामी इडिमा (आरोपी)
-
आयतू कोरसा (आरोपी)
-
चैतूराम बघेल (आरोपी)
-
मनीष बारसे (आरोपी)
-
देवनाथ भारद्वाज (आरोपी)
-
सी.एच. रमना (आरोपी)
-
सुनील नुप्पो (आरोपी)
-
रवि कुमार (आरोपी)
-
मो. शरीफ (आरोपी)
-
मनोज कवासी (आरोपी)
- सत्यनारायण (आरोपी)
इससे पूर्व मुख्य आरोपी अशोक कुमार पटेल को दिनांक 17.04.2025 को ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ईओडब्ल्यू इस मामले की विवेचना कर रही है और अन्य संबंधितों की भूमिका की जांच भी जारी है।