छत्तीसगढ़

आईडीबीआई बैंक उलनार शाखा में प्रबंधक के अभाव से ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी, कई शासकीय योजनाएं प्रभावित…

जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । बस्तर जिले के जनपद पंचायत बकावण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत उलनार में संचालित आईडीबीआई बैंक शाखा में लंबे समय से शाखा प्रबंधक की नियुक्ति नहीं होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों और खाताधारकों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है । बैंक के माध्यम से संचालित कई शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्रभावित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस बैंक शाखा के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूह, छोटे व्यापारी, किसान तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कई कार्य संपादित होते हैं। लेकिन शाखा प्रबंधक के अभाव में ऋण स्वीकृति, खाता संचालन, दस्तावेज सत्यापन और अन्य महत्वपूर्ण बैंकिंग कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते कई लोगों के जरूरी काम लंबे समय से अटके हुए हैं ।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहले बैंक की सेवाएं संतोषजनक थीं और इसी कारण बड़ी संख्या में लोगों ने इस शाखा में अपने खाते खुलवाए थे। लेकिन वर्तमान स्थिति में कर्मचारियों की कमी और प्रबंधक के अभाव के कारण बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता को बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सरपंच, सचिवों और स्थानीय व्यापारियों ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि उलनार शाखा में जल्द से जल्द शाखा प्रबंधक की नियुक्ति की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए बैंक प्रशासन से तत्काल प्रबंधक और आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति कर बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button