छत्तीसगढ़

शिक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल, कुटरू कन्या पोटाकेबिन में 12 वर्षीय छात्रा की मौत, जांच की मांग तेज…

बीजापुर(प्रभात क्रांति)। जिले में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। जिले में दो-दो जिला शिक्षा अधिकारी पदस्थ होने के बावजूद भी आवासीय विद्यालयों में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी कड़ी में कुटरू क्षेत्र के कन्या पोटाकेबिन विद्यालय में अध्ययनरत पांचवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा पार्वती कोवासी की मृत्यु हो जाने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि छात्रा विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

लगातार हो रही घटनाएं

बीजापुर जिले के आवासीय एवं पोटाकेबिन विद्यालयों में बीते समय से बच्चों की बीमारी, अव्यवस्था और मौत की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन शिक्षा विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था, देखरेख और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों का आरोप, विभाग मौन

मृत छात्रा के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं घटना के बाद से शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा जिले के सभी आवासीय विद्यालयों की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की मांग की है।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही छात्रा की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button