छत्तीसगढ़
जगदलपुर में फॉरेस्ट विभाग कार्यालय सील, तीन साल पहले वन विभाग की गाड़ी से हुई थी एक शख्स की मौत, मुआवजा नही देने पर किया गया सील…
जगदलपुर(प्रभात क्रांति), जगदलपुर शहर में फॉरेस्ट विभाग के कार्यालय को सोमवार की शाम न्यायालय द्वारा सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से डीएफओ समेत ऑफिस के अधिकारी कर्मचारी हक्के-बक्के रह गए। दरअसल वर्ष 2021 में भानपुरी इलाके में कमल कश्यप नामक एक ग्रामीण की वन विभाग के वाहन से दुर्घटना हो गई थी। इस दुर्घटना में कमल कश्यप की मौत हुई थी। मृतक की पत्नी, दो बच्चों और माता-पिता का अकेला वारिस था। प्रकरण को न्यायालय में लाया गया और 2023 में न्यायालय ने छत्तीसगढ़ शासन और बस्तर वन मंडल अधिकारी को एक करोड़ 84 लाख रुपए राशि भुगतान करने का आदेश किया।
न्यायालीन प्रकिया के दौरान फरवरी 2023 में कोर्ट ने छत्तीसगढ़ शासन/ फारेस्ट विभाग को मृतक के परिजनों को 1 करोड़ 84 लाख रुपये और ब्याज देने का आदेश दिया। आदेश जारी होने के बाद आज दिनांक तक मृतक के परिजनों को क्षतिपूर्ति की राशि नहीं मिली, जिसके बाद न्यायालय ने फॉरेस्ट विभाग के ऑफिस की कुर्की का आदेश जारी किया।
DFO दे रहे आचार संहिंता का हवाला
इधर डीएफओ उत्तम कुमार गुप्ता का कहना है कि, न्यायालय ने 9 मई तक का समय दिया था। 3 दिन पूर्व कार्यालय सील कर दिया गया हमारे द्वारा शासन को पत्र लिखा गया है क्योंकि आचार संहिता 4 जून तक प्रभावशील रहेगा तब तक प्रकरण में कुछ किया नहीं जा सकता। हालांकि हमारे द्वारा शासन को राशि आवंटित करने हेतु पत्राचार किया गया है।