जगदलपुर में सिंधी समाज मनाएगा थदड़ी पर्व 2 सितंबर को बनेंगे पारंपरिक व्यंजन, 3 सितंबर को होगी माता शीतला की पूजा


जगदलपुर(प्रभात क्रांति)। सिंधी समाज का प्रमुख लोकपर्व थदड़ी इस वर्ष 3 सितंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के आठवें दिन मनाया जाने वाला यह पर्व सिंधी समाज की लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। सिंधी भाषा में ‘थदड़ी’ का अर्थ ठंडी या शीतल होता है। पर्व को लेकर जगदलपुर के सिंधी समाज में विशेष उत्साह है और घर-घर तैयारियां शुरू हो गई हैं। 
मोहनजोदड़ो काल से जुड़ी है मान्यता
श्री पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष मनीष मूलचंदानी ने बताया कि हजारों वर्ष पूर्व मोहनजोदड़ो की खुदाई के दौरान माता शीतला देवी की प्रतिमा मिलने की मान्यता है। इसी आस्था से जुड़ा यह पर्व सिंधी समाज द्वारा परंपरागत रूप से मनाया जाता है।
थदड़ी पर्व के एक दिन पूर्व 2 सितंबर को सिंधी परिवारों में विभिन्न पारंपरिक व्यंजन बनाए जाएंगे। इनमें कूपड़, गच, कोकी, सूखी तली हुई सब्जियां जैसे भिंडी, करेला और आलू, रायता, दही-बड़े तथा मक्खन प्रमुख हैं। रात को सोने से पहले चूल्हे पर जल छिड़ककर पूजा की जाती है और चूल्हे को ठंडा कर दिया जाता है।
घरों में नहीं जलेगा चूल्हा, ठंडे भोजन का लगेगा भोग
सुहिणी सोच महिला विंग अध्यक्षा लक्ष्मी नवतानी ने बताया कि 3 सितंबर को थदड़ी पर्व के दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाएगा। परिवार के सभी सदस्य एक दिन पहले तैयार किए गए ठंडे भोजन का ही सेवन करेंगे।
बदलते समय के साथ अब कई परिवारों द्वारा घर में ही जल स्रोत के पास माता शीतला की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा में बच्चों को विशेष रूप से शामिल कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और शीतलता की कामना की जाती है। इस अवसर पर पारंपरिक प्रार्थना की जाती है—
“ठार माता ठार, पहिंजे बच्चणन खे ठार,
माता अगे भी ठारियो, तई हाणे भी ठार।”
भाईचारे और सुख-समृद्धि का संदेश
सुहिणी सोच सचिव भारती लालवानी ने कहा कि थदड़ी पर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर भी है। इस दिन थदड़ी माता (शीतला माता) से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और निरोगी काया की प्रार्थना की जाएगी।
पूजा-अर्चना के बाद समाज के लोग एक-दूसरे के घर जाकर पर्व की शुभकामनाएं देंगे तथा पारंपरिक प्रसाद और व्यंजनों का आनंद साझा करेंगे। इस तरह थदड़ी पर्व नई पीढ़ी को भी अपनी समृद्ध सिंधी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का संदेश देगा।




