छत्तीसगढ़

मेजर ध्यानचंद स्मृति फुटबॉल मैच में दिखा खेल और सद्भावना का संगम, जूनियर मुकाबले में आमचो बस्तर की शानदार जीत, 40 प्लस में कोटपाड़ वेटरन्स ने मारी बाजी…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति में खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला फुटबॉल संघ बस्तर जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को सद्भावना वेटरन्स 40 प्लस एवं जूनियर फुटबॉल मैच-2026 का आयोजन किया गया। प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में आयोजित इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और उत्साह का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक संतोष बाफना उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह संयुक्त महासचिव शंकर राव तथा जिला फुटबॉल संघ बस्तर जगदलपुर के अध्यक्ष राणा घोष मौजूद रहे। इस दौरान जिला फुटबॉल संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, खेल जगत से जुड़े सदस्य और कोटपाड़ से आए वरिष्ठ खिलाड़ियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

जूनियर मुकाबले में आमचो बस्तर की शानदार जीत

जूनियर वर्ग के मुकाबले में आमचो बस्तर और धनचंद-11के बीच रोमांचक मैच खेला गया। आमचो बस्तर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए धनचंद-11 को 3-0 से शिकस्त देकर मुकाबला अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

40 प्लस मुकाबले में कोटपाड़ वेटरन्स का दबदबा

वहीं सीनियर 40 प्लस वर्ग में कोटपाड़ की टीम और जगदलपुर वेटरन्स के बीच मुकाबला हुआ। मैच में दोनों टीमों के अनुभवी खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

जगदलपुर वेटरन्स की ओर से डॉ. आजाद और कपिन ने एक-एक गोल किया, जबकि कोटपाड़ की ओर से बाबू ने तीन गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। कोटपाड़ वेटरन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

इस आयोजन ने न केवल फुटबॉल के प्रति खिलाड़ियों और युवाओं में उत्साह बढ़ाया, बल्कि खेल के माध्यम से सद्भावना, भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश भी दिया। अनुभवी खिलाड़ियों को एक बार फिर मैदान पर खेलते देख दर्शकों में भी खासा उत्साह नजर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button