छत्तीसगढ़

थाना तर्रेम में पुनर्वासित माओवादियों एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजि, पुनर्वासित माओवादियों की थाना स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग जारी, आत्मसमर्पित माओवादियों से स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को समाज के साथ एकजुट होकर मनाने की अपील….

बीजापुर (प्रभात क्रांति)। थाना तर्रेम पुलिस द्वारा पुनर्वासित माओवादियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित माओवादियों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं पुनर्वासित माओवादियों को शांति, सद्भाव एवं विकास की दिशा में आगे बढ़ने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की समझाइश दी गई।

पुलिस द्वारा पुनर्वासित माओवादियों की थाना स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, साथ ही उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने तथा उन्हें समाज में बेहतर तरीके से पुनर्स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

बैठक के दौरान पुनर्वासित माओवादियों को शासन की पुनर्वास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने, परिवार के साथ सामान्य जीवन जीने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने हेतु प्रेरित किया गया।

ग्रामीणों से गांव एवं आसपास के क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।

शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी सुना गया तथा उनके निराकरण हेतु आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष अपील करते हुए आत्मसमर्पित एवं पुनर्वासित माओवादियों से 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समाज के साथ मिलकर हर्षोल्लास एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं समाज की मुख्यधारा से जुड़कर देश के विकास में सहभागी बनना ही बेहतर एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा है ।

बैठक में पुलिस द्वारा युवा वर्ग को शिक्षा, खेल एवं रोजगार के अवसरों से जुड़ने, बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा गांव में आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस-जन सहयोग को क्षेत्र की शांति एवं विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए ग्रामीणों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने, कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की हिंसात्मक गतिविधि से दूर रहने की अपील की गई।

बैठक का उद्देश्य पुनर्वासित माओवादियों एवं ग्रामीणों के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button