छत्तीसगढ़

48 साल बाद बस्तर हाई स्कूल के 1978 बैच के विद्यार्थियों का हुआ मिलन, ताज़ा हुईं पुरानी यादें…

जगदलपुर(प्रभात क्रांति)। बस्तर हाई स्कूल के वर्ष 1978 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का एक दिवसीय स्नेह मिलन समारोह याराना-1978 के बैनर तले शुक्रवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर 48 वर्षों बाद एक-दूसरे से मिले साथियों ने अपने छात्र जीवन की यादों को साझा किया और विद्यालय परिसर में बिताए सुनहरे पलों को फिर से जीवंत किया।

कार्यक्रम में वर्तमान प्राचार्य बी.एस. रामकुमार का सम्मान किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को विद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह की महत्वपूर्ण गतिविधियों में शामिल किया। उल्लेखनीय है कि बस्तर हाई स्कूल अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है।

समारोह में पूर्व विद्यार्थियों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए तथा आगामी नवंबर में आयोजित होने वाले शताब्दी समारोह के लिए सहयोग का संकल्प भी लिया। वर्ष 1978 बैच की ओर से इंजी. बी. वासुदेव राव ने आज़ादी के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्थापित शिलालेख का पुनर्स्थापन एवं सौंदर्यीकरण कराने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक किरण देव भी अपने सहपाठी और मित्र के रूप में शामिल हुए। इस दौरान “याराना-1978 की ओर से धरमपुरा स्थित एजुकेशन हब में राधाकृष्णन की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर विधायक ने सहर्ष सहमति जताई।

आयोजकों ने बताया कि याराना-1978 समूह अब तक देश के विभिन्न शहरों में सात स्नेह मिलन समारोह आयोजित कर चुका है, जिनमें बैच के सदस्य अपने परिवारों के साथ शामिल होते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button