छत्तीसगढ़

सर्व समाज प्रमुखों ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आदिवासी अधिकारों की सुरक्षा को लेकर 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

बीजापुर(प्रभात क्रांति)।  जिले के विभिन्न आदिवासी सामाजिक, सांस्कृतिक, युवा एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधियों तथा सर्व समाज प्रमुखों ने सोमवार को राज्यपाल के नाम एक संयुक्त ज्ञापन कलेक्टर बीजापुर को सौंपा गया। ज्ञापन में आदिवासी समुदाय के संवैधानिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ठोस पहल करने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि 6 जून 2026 को रायपुर के वृंदावन हॉल में आयोजित संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों के आधार पर यह मांगपत्र तैयार किया गया है। प्रतिनिधियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बड़ी आबादी आदिवासी समुदाय से संबंधित है तथा राज्य का लगभग 61 प्रतिशत भूभाग पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है, इसलिए संविधान प्रदत्त अधिकारों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से जनगणना में पृथक आदिवासी धर्म कोड की मान्यता, परिसीमन के दौरान आदिवासी प्रतिनिधित्व की सुरक्षा, अनुसूचित क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा, निजीकरण पर रोक तथा जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके अलावा आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जों की जांच, भू-माफिया नियंत्रण कानून, भूमि अधिग्रहण और खनन परियोजनाओं में ग्राम सभा की अनिवार्य सहमति, खनिज संपदा से होने वाले लाभ में स्थानीय समुदायों की हिस्सेदारी तथा नक्सल मामलों में जेलों में बंद निर्दोष आदिवासी युवाओं की रिहाई की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

ज्ञापन में धर्म परिवर्तन के आधार पर अनुसूचित जनजाति का दर्जा समाप्त करने के किसी भी प्रयास का विरोध, देवगुड़ियों, सरना स्थलों, गोटुल और अन्य पारंपरिक आस्था केंद्रों को कानूनी संरक्षण देने, पेसा कानून एवं वन अधिकार मान्यता अधिनियम (एफआरए) के पूर्ण क्रियान्वयन तथा आदिवासी शिक्षा और मातृभाषा संरक्षण के लिए विशेष कदम उठाने की मांग भी शामिल है।

सर्व समाज प्रमुखों ने राज्यपाल से आग्रह किया कि आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वशासन, परंपरागत अधिकारों और संवैधानिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी, कंवर समाज अध्यक्ष कमलेश पैंकरा, गोंड समाज अध्यक्ष पांडुराम तेलाम, मुरिया समाज के पाकलु तेलम, उरांव समाज अध्यक्ष पीआर भगत, तेलगा समाज प्रमुख मंगल रोटेल, महिला प्रभाग की सावित्री हपका, रानी पुनेम, सरोजना ताती, रैनू ओयाम, गुड्डू मोडीयम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और समाज प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button