छत्तीसगढ़

500 से अधिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गंगालूर ब्लॉक इकाई का गठन,  सर्व आदिवासी समाज के संगठन विस्तार को मिली मजबूती, सामान्य, महिला एवं युवा प्रभाग के पदाधिकारियों का मनोनयन

 

बीजापुर(प्रभात क्रांति)। सर्व आदिवासी समाज के संगठन विस्तार अभियान के तहत रविवार को ग्राम चेरपाल में आयोजित बैठक में गंगालूर ब्लॉक इकाई का गठन किया गया। जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 17 पंचायतों के 58 गांवों से पहुंचे 500 से अधिक सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सामान्य, महिला एवं युवा प्रभाग के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया।

बैठक में जिला सचिव कमलेश पैंकरा ने संगठन के संविधान एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए समाज की एकजुटता पर जोर दिया। गोंडवाना समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष अमित कोरसा ने सामाजिक जागरूकता के साथ सड़क सुरक्षा नियमों, वाहन बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता पर बल दिया। वहीं गोंड समाज के जिला अध्यक्ष कामेश्वर दुब्बा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

अध्यक्षीय उद्बोधन में जग्गूराम तेलामी ने पेसा कानून की महत्ता और आदिवासी अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।

बैठक में सामान्य प्रभाग के लिए सन्नू हेमला को अध्यक्ष, रवि नाइक, संदीप हेमला, रमेश हपका एवं गुड्डू मोडीयम को उपाध्यक्ष, मनीष पुनेम को सचिव, भैरम राना एवं बुधरु लेकाम को सह सचिव तथा बिट्टू माड़वी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

महिला प्रभाग में सावित्री हपका को अध्यक्ष, पायल हेमला, मालती ताती, सरिता हेमला एवं सरिता अवलम को उपाध्यक्ष, संगीता राना को सचिव, रानी पुनेम को सह सचिव तथा सरोजनी ताती को कोषाध्यक्ष चुना गया।

इसी प्रकार युवा प्रभाग में रैनू ओयाम को अध्यक्ष, छोटू लेकाम, अशोक ताती, राकेश कुरसम एवं बुधराम रैयाम को उपाध्यक्ष, रमेश फरसा को सचिव, विनोद कुरसम को सह सचिव, सुमित ताती को कोषाध्यक्ष, अनिल कोरसा एवं लक्ष्मण भोगाम को कार्यकारिणी सदस्य तथा बिट्टू माड़वी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक के अंत में समाज हित, सामाजिक जागरूकता और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया तथा आगामी 19 जून दिन शुक्रवार को नव नियुक्त पदाधिकारियों के चेरपाल में पद और गोपनीयता के शपथ कार्यक्रम की तिथि तय कर समापन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button