छत्तीसगढ़

गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान: जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधि पहुंचे सुदूर पंचायतों में, ग्रामीणों और लाभार्थियों से किया सीधा संवाद…

दंतेवाड़ा(प्रभात क्रांति)। भारतीय जनता पार्टी के “गांव चलो, बस्ती चलो” अभियान के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत खुटेपाल, श्यामगिरी, गोंगपाल, बड़े हडमामुंडा एवं मैलावाड़ा में सघन जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने दूरस्थ अंचलों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना आदि—की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए गए, जिससे योजनाओं की जमीनी प्रभावशीलता का आकलन किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि गांव चलो, बस्ती चलो अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का गांव-गांव पहुंचकर सीधे संवाद करना, समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहना ही सुशासन की पहचान है। इस प्रकार के प्रयासों से जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होता है तथा विकास कार्यों को नई दिशा मिलती है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से गांवों में दिखाई दे रहा है और समाज के हर वर्ग तक विकास की किरण पहुंच रही है। जनसंवाद के इस माध्यम से शासन और जनता के बीच की दूरी कम हो रही है, वहीं संगठन भी जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त हो रहा है।

गांव चलो, बस्ती चलो अभियान के माध्यम से संगठन और जनता के बीच सीधा जुड़ाव स्थापित हो रहा है, जो जनभागीदारी, सुशासन और समग्र विकास की दिशा में एक सशक्त पहल बनकर उभर रहा है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, जिला भाजपा महामंत्री सत्यजीत चौहान, मंडल अध्यक्ष भीमा कवासी, मंडल उपाध्यक्ष राजीव चौहान, मंडल महामंत्री अभिषेक राठौर, अजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमंत कश्यप, गोंगपाल के सरपंच देवचंद, बड़े हडमामुंडा के सरपंच हांदा, श्यामगिरी के उप सरपंच कुम्मा अतरा तथा नंदलाल नाग, इंद्रजीत सिन्हा, जयराम नाग, जोगा, राजू, परदेशी, मंगू अतरा, अजय सहित भाजपा के पदाधिकारीगण, सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button