छत्तीसगढ़

भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी पर कांग्रेस का हमला, प्रेसवार्ता में राज्य सरकार को घेरा, वादाखिलाफी और अनियमितताओं के लगाए आरोप….

जगदलपुर (प्रभात क्रांति) । छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के करीब 27 माह पूरे होने के बाद भी प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला। जगदलपुर स्थित होटल हेरिटेज में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, पूर्व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन, पूर्व चिकोट विधायक राजमन बेंजाम, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए ।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों में सामग्री खरीदी में बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं । आरोप लगाया गया कि 100 रुपये की सामग्री का 500 रुपये तक का बिल बनाकर खरीदी की जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने का दावा कर रही थी, वही अब उसमें लिप्त नजर आ रही है।

नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हत्या, आगजनी, मारपीट और लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है ।

बेरोजगारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने 27 माह में 35 हजार युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों में कार्यरत अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का आश्वासन भी अधूरा ही रह गया है ।

इस दौरान वरिष्ठ नेता लखेश्वर बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है और जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है ।

वहीं मोहन मरकाम और विधायक विक्रम मंडावी ने बस्तर क्षेत्र में खनिज संपदा के दोहन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बैलाडीला क्षेत्र की संपदा बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए उपयोग की जा रही है, जबकि स्थानीय लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा। जंगलों की कटाई, खनिज दोहन और अधूरे विकास कार्यों पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि बस्तर में अपार खनिज संपदा होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने एनएमडीसी का मुख्यालय हैदराबाद में होने पर भी सवाल उठाते हुए इसे बस्तर में स्थानांतरित करने की मांग की। साथ ही नगरनार स्टील प्लांट में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की बात भी प्रमुखता से उठाई ।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के हितों की अनदेखी कर रही है और बड़े उद्योगपतियों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button