छत्तीसगढ़

मोलसनार में ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण, जिला पंचायत अध्यक्ष का क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंवाद…

दंतेवाड़ा (प्रभात क्रांति) । ग्राम पंचायत मोलसनार के बूथ क्रमांक 150 में आज ग्रामीणों के साथ चौपाल आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम की 132वीं कड़ी को सामूहिक रूप से सुना गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मूड़ामी ने इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल संरक्षण, स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और गांव के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव का उल्लेख करते हुए देशवासियों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने ईंधन पर वैश्विक प्रभाव और देश की मजबूत कूटनीति पर भी अपने विचार व्यक्त किए।

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के किसानों द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण के कार्यों की सराहना करते हुए इसे पूरे देश के लिए एक प्रेरक उदाहरण बताया। किसानों द्वारा बनाए गए रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढों के माध्यम से भूजल स्तर में सुधार को सामुदायिक प्रयासों की बड़ी सफलता बताया गया।

कार्यक्रम के पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मूड़ामी ने ग्राम पंचायत मोलसनार का क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा पेयजल, सड़क, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मूड़ामी माता रुक्मणी आश्रम शाला, मोलसनार पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आश्रम शाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा उपाध्यक्ष रमेश गावड़े, मंडल अध्यक्ष भीमा कवासी, ग्राम पंचायत मोलसनार के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने ‘मन की बात’ से प्राप्त प्रेरणा को अपने जीवन में उतारते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button