नाबालिगों को वाहन न चलाने देने एवं यातायात नियमों के पालन हेतु किया गया जागरूक, नशामुक्ति, सायबर फ्राड एवं बारिश के मौसम में पुल-पुलिया में अत्यधिक पानी होने से क्रॉस न करने की समझाईश दी गई… देखें वीडियो –


बीजापुर(प्रभात क्रांति) । अटलअवास एवं थाना नेलसनार क्षेत्रान्तर्ग डारापाल में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किशोरों एवं उनके अभिभावकों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया । कार्यक्रम में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं, उनके दुष्परिणामों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।
अभिभावकों से अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को मोटर वाहन चलाने के लिए न दें। बताया गया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करता है अथवा दुर्घटना का कारण बनता है, तो मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वाहन स्वामी एवं अभिभावक के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन न चलाने की समझाइश दी गई।
साथ ही नशा मुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए युवाओं से स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने का आग्रह किया गया। 
वर्षा ऋतु के दौरान सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया गया। उन्हें समझाइश दी गई कि बारिश के मौसम में पुल-पुलियों पर पानी होने अथवा नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम उठाकर उन्हें पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन का आवश्यक बीमा होने पर सड़क दुर्घटना की स्थिति में पात्रता अनुसार कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत ₹1.5 लाख तक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकती है । सभी वाहन चालकों से हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपायों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की गई।
देखें वीडियो –





