कटेकल्याण के सुदूर अंचलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का दौरा, चौपाल के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित पहल….


दंतेवाड़ा(प्रभात क्रांति)। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी ने कटेकल्याण ब्लॉक के सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत एडपाल-डोडपाल, भूसारस एवं अन्य पंचायतों का व्यापक प्रवास कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। दुर्गम अंचलों तक पहुँचकर उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना।
ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मुडामी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का मार्ग प्रशस्त हो सके।
प्रवास के दौरान पंचायत भवन, शासकीय स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी शिक्षा की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यक सुधारों पर संवाद किया गया। साथ ही पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का स्थल पर निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
चौपाल के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई।
इसी प्रवास के दौरान क्षेत्र में एक शोकाकुल परिवार से भेंट कर उन्हें सांत्वना प्रदान की गई तथा श्रद्धांजलि योजना के अंतर्गत सहायता राशि प्रदान किया गया ।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति जितेंद्र सोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुआकोंडा सुकालू मुंडामी, मंडल अध्यक्ष भीमा कवासी, सरपंच राहुल वेट्टी, ग्राम पंचायत एडपाल के सरपंच कोमल, ग्राम पंचायत भूसारस के सरपंच राजेंद्र मंडावी, पंचायत सचिव सोनसाय यादव, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष चमन कुंजाम सहित हांदा, हिरेंद्र, मनोज कवासी, राजेश एवं हेमंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।





